मेसी का सपना टूटा, स्पेन ने रचा इतिहास; लामिन यामाल बने विश्व फुटबॉल के नए पोस्टर बॉय!

 


मेसी का सपना टूटा, स्पेन ने रचा इतिहास; लामिन यामाल बने विश्व फुटबॉल के नए पोस्टर बॉय!

                           लेखक - अरुण कुणाल 



फीफा विश्व कप 2026 कई मायनों में इतिहास के सबसे भव्य, विस्तृत और रोमांचक संस्करणों में से एक साबित हुआ। 48 टीमों ने इस महाकुंभ में हिस्सा लिया और पहली बार ही इसका आयोजन तीन देशों (अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा) ने संयुक्त रूप से किया। नार्वे और इंग्लैंड की टीमों के चौंकाने वाले प्रदर्शन, रोमांचक नॉकआउट मुकाबलों, नेमार और क्रिस्टियानो रोनाल्डो जैसे दिग्गजों की भावुक विदाई और अर्जेंटीना–स्पेन के ऐतिहासिक फाइनल ने इस विश्व कप को लंबे समय तक यादगार बना दिया।

भारत में फीफा विश्व कप की लोकप्रियता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले को देखने के लिए दिल्ली के कई रेस्टोरेंट, स्पोर्ट्स बार और कैफे सुबह चार बजे तक खुले रहे। देर रात से लेकर भोर तक फुटबॉल प्रेमियों का उत्साह देखते ही बनता था। भारत में लियोनेल मेसी के प्रशंसकों की बड़ी संख्या पहले से रही है, लेकिन इस विश्व कप के बाद स्पेन के युवा स्टार लामिन यामाल ने भी भारतीय फुटबॉल प्रेमियों के बीच अपनी अलग पहचान बना ली है।

टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुँची अर्जेंटीना और 16 वर्ष बाद खिताबी मुकाबले में लौटी स्पेन की नई पीढ़ी के बीच हुआ महामुकाबला रहा। यह केवल दो टीमों की टक्कर नहीं थी, बल्कि दो पीढ़ियों का आमना-सामना भी था। एक ओर 39 वर्षीय महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी अपने शानदार करियर को यादगार मुकाम पर पहुँचाने की कोशिश कर रहे थे, तो दूसरी ओर 19 वर्षीय युवा स्टार लामिन यामाल नई पीढ़ी के प्रतिनिधि के रूप में विश्व फुटबॉल के भविष्य की दस्तक दे रहे थे। अनुभव और युवा ऊर्जा के इस संघर्ष को फुटबॉल प्रेमी लंबे समय तक याद रखेंगे।


       लामिन यामाल : नए पोस्टर बॉय!

2007 में एक चैरिटी कैलेंडर के फोटोशूट के दौरान लियोनेल मेसी ने महज़ पाँच महीने के लामिन यामाल को अपनी गोद में उठाया था। तब शायद किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी कि 19 साल बाद वही बच्चा, 19 नंबर की जर्सी पहनकर फीफा विश्व कप के फाइनल में मेसी के सामने प्रतिद्वंद्वी के रूप में खड़ा होगा। फुटबॉल इतिहास में ऐसे संयोग बहुत कम देखने को मिलते हैं। यह तस्वीर समय के साथ सिर्फ एक याद नहीं, बल्कि एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक विरासत के हस्तांतरण का प्रतीक बन गई।

फाइनल से पहले जब मेसी से यामाल की बचपन वाली तस्वीर के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने भावुक होकर कहा, "जब वह तस्वीर ली गई थी, तब वह सिर्फ एक बच्चा था। अब हम विश्व कप फाइनल में एक-दूसरे के आमने-सामने हैं। यह सचमुच अविश्वसनीय है।"

लामिन यामाल, रोड्री, फर्नान्डो टोरेस और मिकेल ओयारज़ाबाल की चौकड़ी ने जिस अंदाज़ में फ्रांस के विजय रथ को रोका, उसने स्पेन को खिताब का सबसे मजबूत दावेदार बना दिया। अब इस युवा स्पेनिश टीम को रोकने की सबसे बड़ी चुनौती लियोनेल मेसी और अर्जेंटीना के सामने थी। मिस्र और इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम 10 मिनट में कमाल करने वाले मेस्सी को स्पेन की चौकड़ी ने 90 मिनट तक कोई मौका नहीं दिया! अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज़ के कारण एक्स्ट्रा टाइम तक मुकाबला गया पर अंत में 16 साल बाद फर्नान्डो टोरेस के गोल के साथ 1-0 से स्पेन विश्व विजेता बन गया!


यह मुकाबला केवल दो देशों के बीच नहीं, बल्कि अनुभव और युवा जोश, विरासत और भविष्य, तथा एक युग और नई पीढ़ी के बीच की टक्कर था। ऐसे मुकाबलों में इतिहास गवाह है कि मेसी जैसे खिलाड़ी अकेले दम पर भी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। लेकिन फर्नांडेज़ को रेड कार्ड दिए जाने के कारण एक्स्ट्रा टाइम में 10 खिलाड़ी के साथ खेल रही अर्जेंटीना की कमजोर डिफेन्स के कारण 106 वें मिनट में फर्नान्डो टोरेस के गोल के साथ मेस्सी का सपना टूट गया!


लियोनेल मेस्सी : 'ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम

मेसी के बाद अर्जेंटीना का भविष्य क्या होगा, इसका जवाब आने वाला समय देगा। लेकिन इतना तय है कि स्पेन को लामिन यामाल के रूप में एक ऐसा सितारा मिल चुका है, जिसके इर्द-गिर्द वह आने वाले वर्षों की अपनी नई कहानी लिख सकता है। जिस तरह पिछले डेढ़ दशक तक विश्व फुटबॉल पर मेसी की छाप रही, उसी तरह यह विश्व कप संकेत देता है कि अब यामाल की पीढ़ी अपना स्वर्णिम अध्याय लिखने के लिए तैयार है।

हालाँकि 39 वर्षीय लियो मेसी अगला विश्व कप खेलेंगे या नहीं, इस पर अब भी संशय बना हुआ है। यदि ऐसा नहीं होता, तो फुटबॉल की दुनिया एक ही दौर के कई महान सितारों को लगभग साथ-साथ विदा होते देखेगी। यह बदलाव केवल खिलाड़ियों का नहीं, बल्कि उस पीढ़ी का अंत होगा जिसने दो दशकों तक विश्व फुटबॉल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। फुटबॉल आगे बढ़ती रहेगी, नए नायक भी सामने आएँगे, लेकिन दुनिया भर के प्रशंसकों के लिए मेसी, नेमार और क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बिना फीफा विश्व कप पहले जैसा महसूस नहीं होगा।

अंतिम सीटी बजने के बाद लियो मेसी की आँखों में आए आँसू केवल भावनाओं का विस्फोट नहीं थे, बल्कि वर्षों के संघर्ष, असफलताओं, आलोचनाओं और लंबे इंतज़ार की कहानी थे। नेमार और क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी शायद अपने अंतिम विश्व कप से नम आँखों के साथ लौटे, लेकिन मेसी के आँसुओं का अर्थ अलग था। उन्होंने अपने संघर्ष का समापन विजय के साथ किया और इतिहास में अपना नाम एक बार फिर स्वर्ण अक्षरों में दर्ज करा दिया।

फीफा विश्व कप हर चार वर्ष में एक नया चैंपियन देता है, लेकिन कुछ खिलाड़ी ऐसी विरासत छोड़ जाते हैं जो किसी ट्रॉफी से कहीं बड़ी होती है। मेसी, रोनाल्डो, नेमार, हॉलैंड और यामाल अलग-अलग पीढ़ियों के वे चेहरे हैं, जिन्होंने साबित किया कि फुटबॉल केवल एक खेल नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की भावनाओं, सपनों और यादों का नाम है।

यामाल और एरलिंग हॉलैंड का नया दौर !

फीफा वर्ल्डकप की शुरुआत में पूरी दुनिया की निगाहें लियो मेसी, क्रिस्टियानो रोनाल्डो और किलियन एम्बाप्पे पर टिकी थीं। उम्मीद थी कि एक बार फिर यही सुपरस्टार टूर्नामेंट की कहानी लिखेंगे। लेकिन जैसे-जैसे विश्व कप अपने निर्णायक चरण में पहुँचा, एरलिंग हॉलैंड और लामिन यामाल ने अपने प्रदर्शन, व्यक्तित्व और खेल भावना से नई पहचान बना ली! लियो मेसी के युग में फुटबॉल प्रशंसकों के दिलों में अपनी अलग पहचान बना लेना शायद एरलिंग हॉलैंड और लामिन यामाल की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

स्पेन के युवा स्टार लामिन यामाल भी लगातार यह साबित कर रहे हैं कि भविष्य का फुटबॉल उनके कंधों पर टिका है। उनकी परिपक्वता, आत्मविश्वास और टीम के प्रति समर्पण ने उन्हें विश्व फुटबॉल का नया चेहरा बना दिया है। हॉलैंड और यामाल दोनों में प्रतिभा के साथ वह विनम्रता भी दिखाई देती है, जो किसी खिलाड़ी को महान बनाती है।


रेफरी के निर्णयों पर 'हैंड ऑफ़ गॉड' का छाया!


रेफ़री के कुछ फ़ैसलों ने भी इस मुकाबले को लंबे समय तक चर्चा का विषय बना दिया। अर्जेंटीना–मिस्र मैच ने 1986 फीफा विश्व कप के उस ऐतिहासिक क्वार्टर फ़ाइनल की याद दिला दी, जिसमें इंग्लैंड के ख़िलाफ़ डिएगो मराडोना का प्रसिद्ध "हैंड ऑफ़ गॉड" गोल फुटबॉल इतिहास के सबसे विवादास्पद क्षणों में शामिल हो गया था।

अर्जेंटीना के तीसरे गोल के दौरान रेफ़री के एक फ़ैसले पर मिस्र के खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन ने कड़ी आपत्ति जताई। मिस्र के कोच होसाम हसन ने रेफ़री के निर्णयों पर खुलकर असंतोष व्यक्त किया। उनके लगातार विरोध के चलते रेफ़री ने उन्हें पीला कार्ड भी दिखाया। इस निर्णय ने मैच के रोमांचक प्रदर्शन पर विवाद की परत चढ़ा दी। जिस मुकाबले को उसकी तेज़ रफ़्तार, नाटकीय घटनाक्रम और अर्जेंटीना की शानदार वापसी के लिए विश्व कप इतिहास के महान मैचों में गिना जा सकता था, वह रेफ़रिंग को लेकर उठे सवालों के कारण भी याद रखा जाएगा।


गोल्डन बॉय एम्बाप्पे नंबर वन, फ्रांस नंबर 4 

गोल्डन बूट जीतने के बावजूद किलियन एम्बाप्पे वह जादू नहीं बिखेर सके, जो लियो मेसी ने मिस्र और इंग्लैंड के खिलाफ अपने यादगार प्रदर्शन में दिखाया था। यही वह अंतर है, जो आँकड़ों और विरासत के बीच की दूरी को परिभाषित करता है। गोलों की संख्या में आगे रहने के बावजूद एम्बाप्पे अब तक वह प्रतिष्ठा और करिश्माई पहचान हासिल नहीं कर सके हैं, जिसे फुटबॉल के जादूगर लियो मेसी ने वर्षों तक निर्णायक मुकाबलों में अपने असाधारण प्रदर्शन और उपलब्धियों के दम पर अर्जित किया है।

एम्बाप्पे ने पूरे टूर्नामेंट में आठ मैचों में 10 गोल दागकर सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी का सम्मान हासिल किया। उन्होंने अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी को पीछे छोड़ते हुए गोल्डन बूट अपने नाम किया। वहीं, स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन को पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए गोल्डन ग्लव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जबकि स्पेन के स्टार मिडफील्डर रोड्रि को टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का गोल्डन बॉल मिला!

एम्बाप्पे ने तीसरे स्थान के प्लेऑफ में इंग्लैंड के खिलाफ दो गोल कर गोल्डन बूट की दौड़ में मेसी को पीछे छोड़ दिया। हालांकि, उनका यह शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन फ्रांस को जीत नहीं दिला सका। सेमीफ़ाइनल में स्पेन से हारने के बाद तीसरे स्थान के मुकाबले में भी फ्रांस को इंग्लैंड के हाथों 6–4 की शिकस्त झेलनी पड़ी और टीम को चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा।

फुटबॉल के इस सबसे बड़े महाकुंभ का समापन न्यूयॉर्क–न्यू जर्सी स्थित मेटलाइफ़ स्टेडियम में भव्य समापन समारोह और रोमांचक खिताबी मुकाबले के साथ हुआ। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प भी फाइनल मुकाबले का आनंद लेते नज़र आए। विश्व कप ट्रॉफी के साथ फोटोशूट के दौरान डोनाल्ड ट्रम्प का स्पेन के खिलाड़ियों के साथ मंच पर खड़े रहना कुछ खिलाड़ियों को थोड़ा असहज करता हुआ दिखाई दिया।

खचाखच भरे स्टेडियम में हजारों दर्शकों के उत्साह और दुनिया भर की निगाहों के बीच संपन्न हुए इस विश्व कप ने न केवल एक नए चैंपियन को जन्म दिया, बल्कि फुटबॉल को कई नए नायक, अविस्मरणीय मुकाबले और अनगिनत यादें भी दीं। आने वाले वर्षों में इस विश्व कप को केवल उसके परिणामों के लिए नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के उदय, दिग्गज खिलाड़ियों की भावुक विदाई और यादगार मुकाबलों के लिए भी याद किया जाएगा।






Comments

Popular posts from this blog

धनबाद मेयर चुनाव राजनीतिक का नया प्रयोगशाला: झरिया और बाघमारा के बीच शक्ति -संतुलन की निर्णायक जंग!

डोनाल्ड ट्रम्प का एकतरफा सीजफायर, पीएम मोदी का "टीम इंडिया" का नारा : खाड़ी संकट को बिल्ली के भाग्य से छींका टूटने का इंतज़ार!

गैंग्स ऑफ वासेपुर का सोप ओपेरा: किसके संरक्षण में चल रही है प्रिंस खान की पैरलल सरकार?